संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही कल सवेरे ग्यारह बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। लोकसभा में विभिन्न मुद्दों पर विपक्षी दलों के हंगामे के कारण कार्यवाही स्थगित कर दी गई।
विपक्षी सदस्य पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर पर तत्काल चर्चा की मांग कर रहे थे। तीसरे स्थगन के बाद शाम 4 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होने पर कांग्रेस, द्रविड मुनेत्र कझगम, समाजवादी पार्टी और अन्य विपक्षी दलों ने नारेबाजी शुरू कर दी।
पीठासीन अधिकारी ने सदस्यों से सदन के सुचारू संचालन का आग्रह करते हुए कहा कि सरकार चर्चा के लिए तैयार है और सूचीबद्ध विधेयकों पर चर्चा होनी चाहिए। हंगामा जारी रहने पर सभापति ने सदन की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित कर दी।
इससे पहले, सदन की कार्यवाही तीन बार स्थगित हुई। पहले स्थगन के बाद दोपहर 12 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होने पर कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी सदस्यों ने नारेबाजी जारी रखी और आसन के सामने आ गए। पीठासीन अधिकारी ने विपक्षी सदस्यों से बार-बार अपने आसान पर बैठने और शून्यकाल में भाग लेने की अपील की।
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सरकार चर्चा के लिए तैयार है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी कहा कि सरकार किसी भी मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है। लेकिन विपक्षी सदस्यों के नारेबाजी जारी रखने के कारण सदन की कार्यवाही अपराह्न 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
इससे पहले, लोकसभा ने पहलगाम आतंकवादी हमले के पीड़ितों और एयर इंडिया के एआई-171 विमान दुर्घटना में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी। सदन ने विभिन्न राज्यों में प्राकृतिक आपदाओं में हुई जान-माल की हानि पर भी दुख व्यक्त किया।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन और ग्रुप कैप्टन सुभांशु शुक्ला को अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की सफल यात्रा के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि पर सदन में विस्तृत चर्चा होगी।