प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल नई दिल्ली के भारत मंडपम में स्टार्टअप इंडिया पहल के एक दशक को दर्शाने वाले कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री भारत के वाइब्रेंट स्टार्टअप तंत्र के सदस्यों के साथ विचार-विमर्श करेंगे। चयनित स्टार्टअप प्रतिनिधि अपनी उद्यमी यात्रा के अनुभवों को भी साझा करेंगे।
स्टार्टअप इंडिया नवाचार, उद्यमशीलता को बढ़ावा देने और निवेश आधारित विकास को सक्षम बनाने के लिए एक परिवर्तनकारी राष्ट्रीय कार्यक्रम के रूप में प्रधानमंत्री द्वारा 16 जनवरी 2016 को शुभारंभ किया गया था। इस पहल का उद्देश्य भारत को नौकरी के आकांक्षी बनने के बजाय रोजगार सृजक राष्ट्र बनाना है।
पिछले दशक में स्टार्टअप इंडिया भारत की आर्थिक और नवाचार संरचना के एक आधार के रूप में उभरकर सामने आया है। इसने संस्थागत तंत्रों को सशक्त बनाया है और पूंजी तथा सदस्यता की पहुंच का विस्तार किया है। र्स्टाटअप इंडिया ने विभिन्न क्षेत्रों और भौगोलिक परिवेशों को बढ़ाने के लिए स्टार्टअप संबंधी पर्यावरण को बढ़ावा दिया है।
इस अवधि में भारत का र्स्टाटअप पारिस्थितिकी तंत्र देश में मान्यता प्राप्त दो लाख से अधिक र्स्टाटअप के अभूतपूर्व विस्तार का साक्षी बना है। इन उद्यमों ने रोजगार सृजन के महत्वपूर्ण संचालकों, नवाचार आधारित आर्थिक विकास और विभिन्न क्षेत्रों में घरेलू मूल्य श्रृंखलाओं को सशक्त बनाया है।