मार्च 7, 2026 7:37 अपराह्न

printer

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल नई दिल्ली में 33,500 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल नई दिल्ली में लगभग 33 हजार 500 करोड़ रुपये की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इस दौरान श्री मोदी दो नए मेट्रो कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे और तीन नए कॉरिडोर की आधारशिला भी रखेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल 18 हजार 300 करोड़ रुपये की लागत वाली दिल्ली मेट्रो परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस दौरान वह दिल्ली मेट्रो के दो नए कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे। जिसमें पिंक लाइन पर लगभग 12 किलोमीटर लंबा मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर खंड और मैजेंटा लाइन पर लगभग 9.9 किलोमीटर लंबा दीपाली चौक से मजलिस पार्क खंड शामिल हैं। इससे दिल्ली के कई क्षेत्रों को लाभ मिलेगा जिसमें  बुराड़ी, जगतपुर से वजीराबाद, खजूरी खास, भजनपुरा, यमुना विहार, मधुबन चौक, हैदरपुर बादली मोड़, भलस्वा और मजलिस पार्क सहित कई इलाके शामिल हैं। इसके साथ ही प्रधानमंत्री दिल्ली मेट्रो के चरण 5-ए के अंतर्गत लगभग 16 किलोमीटर लंबे तीन नए कॉरिडोर की आधारशिला भी रखेंगे। तीन कॉरिडोर आर.के. आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ, एरोसिटी से इंदिरा गांधी एयरपोर्ट टर्मिनल-1, और तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज हैं।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह परियोजनाएं दिल्ली को तेज, सुगम और पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन प्रणाली की दिशा में महत्वपूर्ण बढ़त देंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी, बल्कि सड़कों पर निजी वाहनों का दबाव कम होगा और प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने आगे कहा कि इन परियोजनाओं से दिल्ली के साथ-साथ एनसीआर के शहरों को भी बड़ा लाभ मिलेगा। फरीदाबाद और बल्लभगढ़ के निवासी वायलेट लाइन के माध्यम से तुगलकाबाद पहुंचकर गोल्डन लाइन से सीधे इंदिरा गांधी एयरपोर्ट टर्मिनल-1 तक यात्रा कर सकेंगे। वहीं नोएडा के यात्री मैजेंटा लाइन से कालिंदी कुंज पहुंचकर गोल्डन लाइन के माध्यम से एयरपोर्ट और दक्षिण दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों तक आसानी से पहुंच सकेंगे। प्रादेशिक समाचार के लिए, सौम्‍या शरण।