प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज लोकसभा में कहा कि उनकी सरकार पूरी तरह से भारत प्रथम के आदर्श वाक्य से निर्देशित है और भ्रष्टाचार कतई बर्दाश्त न करने की नीति को हाल के लोकसभा चुनावों में लोगों का समर्थन मिला है। श्री मोदी ने कहा कि उनकी सरकार ने सभी के लिए न्याय और किसी का तुष्टिकरण न करने की नीति अपनाई है। प्रधानमंत्री ने लोकसभा में दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर जवाब देते हुए कहा कि वे विपक्ष का दर्द समझ सकते हैं। उन्होंने कहा कि दुष्प्रचार के बावजूद विपक्ष को लोकसभा चुनाव में करारी हार का सामना करना पड़ा।
श्री मोदी ने आम चुनाव में परिपक्व सोच और समझदारी दिखाने के लिए देश की जनता की सराहना की। प्रधानमंत्री ने कहा कि लोगों ने उनकी सरकार की नीतियों, इरादों और समर्पण पर भरोसा जताया और एनडीए को लगातार तीसरी बार सत्ता में वापस लाने के लिए वोट किया। श्री मोदी ने कहा कि उनकी सरकार सबका साथ, सबका विकास के मंत्र के साथ काम कर रही है। चर्चा पर प्रधानमंत्री के जवाब के दौरान विभिन्न मुद्दों पर विपक्षी सांसदों ने विरोध प्रदर्शन किया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विपक्ष के आचरण पर नाराजगी व्यक्त की और सदन में व्यवस्था बनाए रखने का आग्रह किया।