प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल से पश्चिम बंगाल और असम के दो दिन के दौरे पर रहेंगे। यात्रा के पहले दिन प्रधानमंत्री मालदा रेलवे स्टेशन पर हावड़ा और गुवाहाटी (कामाख्या) मार्ग पर देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। पूरी तरह से वातानुकूलित वंदे भारत स्लीपर ट्रेन यात्रियों को किफायती किराए पर हवाई यात्रा जैसी सुविधा और अनुभव प्रदान करेगी। यह ट्रेन लंबी दूरी की यात्राओं को तेज, सुरक्षित और अधिक सुविधाजनक बनाएगी। प्रधानमंत्री पश्चिम बंगाल के मालदा में एक समारोह में तीन हजार दो सौ पचास करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कई रेल और सड़क अवसंरचना परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। वे पश्चिम बंगाल में चार प्रमुख रेलवे परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। इनमें बलुरघाट और हिली के बीच नई रेल लाइन, न्यू जलपाईगुड़ी में अगली पीढ़ी की माल ढुलाई रखरखाव सुविधाएं, सिलीगुड़ी लोको शेड का उन्नयन और जलपाईगुड़ी जिले में वंदे भारत ट्रेन रखरखाव सुविधाओं का आधुनिकीकरण शामिल हैं। इन परियोजनाओं से यात्री और माल ढुलाई सेवाएं मजबूत होंगी और क्षेत्र में रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
प्रधानमंत्री मालदा में वर्चुअल माध्यम से 4 नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाएंगे। शाम को श्री मोदी असम के गुवाहाटी में बोडो समुदाय की समृद्ध विरासत का जश्न मनाने वाले ऐतिहासिक सांस्कृतिक कार्यक्रम बागुरुंबा द्वौ 2026 में भाग लेंगे। इस अवसर पर बोडो समुदाय के 10 हजार से अधिक कलाकार एक साथ बागुरुंबा नृत्य प्रस्तुत करेंगे।
यात्रा के दूसरे दिन प्रधानमंत्री असम के कालियाबोर में छह हजार नौ सौ पचास करोड़ रुपये से अधिक की काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना का भूमि पूजन करेंगे। इस अवसर पर श्री मोदी गुवाहाटी और रोहतक तथा डिब्रूगढ़ और लखनऊ के बीच चलने वाली दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। इसी दिन प्रधानमंत्री पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के सिंगूर में आठ सौ 30 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और शुभारंभ करेंगे। श्री मोदी बालागढ़ में विस्तारित बंदरगाह द्वार प्रणाली की आधारशिला भी रखेंगे। प्रधानमंत्री मोदी कोलकाता से अन्य राज्यों के लिए तीन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।