मार्च 8, 2026 9:23 अपराह्न

printer

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने नई दिल्‍ली में विभिन्‍न विकास कार्यों का शिलान्‍यास किया

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज नई दिल्‍ली में विभिन्‍न विकास कार्यों का शिलान्‍यास और उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल और दिल्‍ली की मुख्‍यमंत्री रेखा गुप्‍ता भी उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी द्वारा मेट्रो के विभिन्न कॉरिडोरों का लोकार्पण तथा शिलान्यास दिल्ली की प्रगति को नई गति और शक्ति प्रदान करेगा। श्रीमती गुप्ता ने बताया कि इस परियोजना के अंतर्गत विशेष रूप से पिंक लाइन के पूरे होने के साथ ही दिल्ली को अब देश का पहला पूर्णतः संचालित ‘रिंग मेट्रो’ नेटवर्क प्राप्त हो गया है। इसके साथ ही, उन्होंने बताया कि मजेंटा लाइन के विस्तार तथा फेज-5A के अंतर्गत सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर और गोल्डन लाइन के विस्तार जैसे नए कॉरिडोरों का शिलान्यास भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उठाया गया एक दूरदर्शी कदम है।

श्रीमती गुप्ता ने कहा कि मेट्रो नेटवर्क का यह अभूतपूर्व विस्तार यातायात के दबाव को कम करेगा और प्रदूषण मुक्त तथा हरित दिल्ली के संकल्प को भी सशक्त बनाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विकास परियोजनाओं की सौगात शहर को एक आधुनिक वैश्विक राजधानी के रूप में स्थापित करने का मार्ग प्रशस्त करती है।