प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक से बातचीत की। सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और ओमान क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल करने और तनाव कम करने के लिए संवाद और कूटनीति को प्राथमिकता देने पर सहमत हुए हैं।
उन्होंने ओमान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के उल्लंघन की कड़ी निंदा की। श्री मोदी ने भारतीय नागरिकों सहित हजारों लोगों की सुरक्षित वापसी में ओमान के प्रयासों की सराहना की।
प्रधानमंत्री ने मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से भी बातचीत की और आगामी त्योहार हरि राया ऐदिलफि़त्री के अवसर पर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
बातचीत के दौरान, दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया की चिंताजनक स्थिति पर चर्चा की और तनाव कम करने और शांति और स्थिरता की शीघ्र बहाली के लिए अपनी साझा प्रतिबद्धता व्यक्त की।
प्रधानमंत्री मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से भी फोन पर बात की। एक सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने पश्चिम एशिया की स्थिति पर चर्चा की और तत्काल तनाव कम करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति और स्थिरता को बढावा देने पर चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री ने आज जॉर्डन के राजा अब्दुल्ला द्वितीय से भी टेलीफोन पर बातचीत की और ईद की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए खाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति पर चर्चा की।
दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया में बिगड़ती स्थिति पर चिंता व्यक्त की और क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता की शीघ्र बहाली के लिए संवाद और कूटनीति की आवश्यकता पर बल दिया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम एशिया में ऊर्जा अवसंरचना पर हमले निंदनीय हैं और इनसे अनावश्यक तनाव बढ़ सकता है। प्रधानमंत्री मोदी ने क्षेत्र में फंसे भारतीयों की सुरक्षित वापसी में जॉर्डन के प्रयासों की सराहना की।