फ़रवरी 10, 2026 8:31 पूर्वाह्न

printer

रेल मंत्री अश्विनी वैष्‍णव ने मिजोरम में सेरांग रेलगाड़ी को झंडी दिखाकर रवाना किया

रेल मंत्री अश्विनी वैष्‍णव ने मिजोरम में सेरांग और असम में सिल्‍चर को जोड़ने वाली नई रेलगाड़ी को कल झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रेलगाड़ी सप्‍ताह में पांच दिन चलेगी। इससे मिजोरम और असम के बीच रेल संपर्क बढ़ेगा। रेल मंत्री ने गुवाहाटी रेलवे स्‍टेशन पर आतिथ्‍य सेवा का भी शुभारंभ किया।

नई रेलगाड़ी सिल्‍चर से मंगलवार, बुधवार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार को चलेगी। सिल्‍चर से दिन के एक बजे चल कर यह शाम साढे छह बजे मिजोरम के सेरांग पहुंचेगी। वापसी में सेरांग से यह सोमवार, मंगलवार, बुधवार, शुक्रवार और शानिवार को सुबह सात बजे रवाना होकर दिन के साढ़े 12 बजे सिल्‍चर पहुंचेगी।

मिजोरम के मुख्‍यमंत्री लालदुहोमा ने कल उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के एक्‍ट ईस्‍ट नीति के तहत मिजोरम और पूर्वोत्‍तर क्षेत्र में बुनियादी ढांचा विकास में गति आई है। उन्‍होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्‍व मे विभिन्‍न सेक्टर में विकास हो रहा है। विकसित भारत की निर्माण यात्रा में किसी भी राज्‍य या क्षेत्र को पीछे नहीं छोड़ा गया है।