दिसम्बर 24, 2025 12:16 अपराह्न

printer

इसरो को एलवीएम3-एम6 मिशन के सफल प्रक्षेपण पर प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन-इसरो को एलवीएम3-एम6 मिशन के सफल प्रक्षेपण पर बधाई दी। सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि इस प्रक्षेपण ने अमरीका के अगली पीढ़ी के ब्लू बर्ड ब्लॉक-2 संचार उपग्रह को पृथ्वी की निचली कक्षा में स्थापित किया। यह भारत की अंतरिक्ष यात्रा में एक गौरवपूर्ण उपलब्धि है।

 

प्रधानमंत्री मोदी ने इसे अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत का एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि इससे भारत की प्रक्षेपण क्षमता मजबूत हुई है और वैश्विक वाणिज्यिक प्रक्षेपण बाजार में भारत की बढ़ती भूमिका को बल मिला है। श्री मोदी ने कहा कि यह उपलब्धि आत्मनिर्भर भारत की दिशा में भारत के प्रयासों को भी दर्शाती है। उन्होंने देश के परिश्रमी वैज्ञानिकों और इंजीनियरों को शुभकामनाएं दीं।

 

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत के युवाओं ने देश के अंतरिक्ष कार्यक्रम को उन्नत और प्रभावशाली बनाने में महत्‍वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि एलवीएम3 की विश्वसनीय वहन क्षमता के प्रदर्शन के साथ, इसरो गगनयान जैसे भविष्य के मिशनों की नींव मजबूत कर रहा है। इसरो वाणिज्यिक प्रक्षेपण सेवाओं का विस्तार कर रहा है और वैश्विक साझेदारियों को गहरा कर रहा है। उन्होंने बताया कि यह बढ़ी हुई क्षमता और आत्मनिर्भरता को मिला बढ़ावा आने वाली पीढ़ियों के लिए बहुत अच्छा है।