फ़रवरी 25, 2026 9:05 अपराह्न

printer

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने इस्राइल के तेल अवीव में प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से मुलाकात की

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज इस्राइल के तेल अवीव में इज़राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से मुलाकात की। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि उनकी मुलाकात बहुत अच्छी रही। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए कई मुद्दों पर चर्चा हुई। इस दौरान प्रौद्योगिकी, जल संसाधन प्रबंधन, कृषि और मानव संसाधन विकास में सहयोग बढ़ाने के मुद्दे चर्चा के प्रमुख विषय रहे। प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों नेताओं ने क्षेत्र में हो रहे प्रमुख घटनाक्रमों पर भी गहन विचार-विमर्श किया।  

इसके बाद, प्रधानमंत्री यरुशलम पहुंचे, जहां वे इस्राइल की संसद को संबोधित करेंगे। विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि प्रधानमंत्री मोदी की नौ वर्षों में यह दूसरी इस्रराइल यात्रा है।

प्रधानमंत्री मोदी आज इस्रराइल के दो दिन के दौरे पर तेल अवीव पहुंचे। इस्रराइल के प्रधानमंत्री बेन्‍यामिन नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा नेतन्याहू ने हवाई अड्डे पर श्री मोदी का स्वागत किया। सोशल मीडिया पोस्ट में, श्री मोदी ने हवाई अड्डे पर बेन्‍यामिन नेतन्याहू और सारा नेतन्याहू द्वारा स्वागत करने पर अपनी कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि वे द्विपक्षीय चर्चाओं में शामिल होने और ऐसे सार्थक परिणाम प्राप्त करने के लिए उत्सुक हैं जो भारत-इस्राइल मित्रता को और मजबूत करेंगे।