प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज बेंगलुरु में आवागमन सुविधाएं बढ़ाने के लिए कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। श्री मोदी ने बेंगलुरु और बेलगावी के बीच वंदे भारत रेल सेवा का उद्घाटन किया। उन्होंने अमृतसर और कटरा तथा नागपुर से पुणे के लिए वंदे भारत रेल सेवाओं का वर्चुअली उद्घाटन किया। वंदे भारत रेलगाडि़यों बेहतर यात्रा अनुभव के लिए विश्व स्तरीय सुविधाओं से लैस हैं। बेंगलुरु-बेलगावी वंदे भारत ट्रेन उत्तर कर्नाटक और राज्य की राजधानी के बीच संपर्क बढ़ाएगी।
प्रधानमंत्री ने बहुप्रतीक्षित नम्मा मेट्रो स्टेशन की येलो लाइन को हरी झंडी दिखाई, जो बोम्मासंद्रा औद्योगिक क्षेत्र को इलेक्ट्रॉनिक सिटी से जोड़ती है। 19 किलोमीटर से अधिक लंबी और 76 सौ करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित इस लाइन से इस खंड पर यातायात में आसानी होने की उम्मीद है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री बेंगलुरु के लिए नम्मा मेट्रो नेटवर्क के तीसरे चरण की आधारशिला भी रखेंगे।