प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज नई दिल्ली में पांचवें राष्ट्रीय मुख्य सचिव सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे। तीन दिन के इस सम्मेलन में श्री मोदी कल और रविवार को भी शामिल होंगे। सम्मेलन का उद्देश्य सतत बातचीत के माध्यम से केंद्र और राज्यों के बीच साझेदारी को बढ़ावा देना है।
प्रधानमंत्री के सहकारी संघवाद के दृष्टिकोण पर आधारित यह सम्मेलन केंद्र और राज्य को एक मंच पर लाकर, भारत की मानव पूंजी क्षमता और समावेशीता को बढ़ाने तथा भविष्य में विकास की गति तेज करने के लिए एकीकृत रोडमैप तैयार करेगा।
यह सम्मेलन विकास के साझा एजेंडे को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से गहन विचार-विमर्श के लिए समर्पित होगा। इसका विषय ‘विकसित भारत के लिए मानव पूंजी’ होगा, जिसमें राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए सर्वोत्तम प्रथाओं और रणनीतियों को शामिल किया जाएगा।
इस दौरान, प्रारंभिक बाल्यावस्था, स्कूली और उच्च शिक्षा तथा कौशल विकास, खेल और पाठ्येतर गतिविधियों पर विशेष जोर दिया जाएगा। यह सम्मेलन पिछले चार वर्षों से प्रतिवर्ष आयोजित किया जा रहा है। वर्ष 2022 में धर्मशाला में पहला राष्ट्रीय मुख्य सचिव सम्मेलन आयोजित किया गया था।