प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए नागपुर-पुणे वंदे भारत एक्सप्रेस और दो अन्य ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर उद्घाटन किया। नागपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस शामिल हुए।
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विदर्भ से पुणे जाने वाले यात्रियों की संख्या ज़्यादा है, और वर्तमान में यात्रियों को महंगे टिकट खरीदकर निजी वाहनों से यात्रा करनी पड़ती है और ऐसे में समय भी ज़्यादा लगता है। इन सब बातों को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने रेल मंत्री से नागपुर – पुणे ट्रेन सेवा शुरू करने का अनुरोध किया, जिस पर सरकार ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी और यह सेवा शुरू हुई। नागपुर-पुणे वंदे भारत एक्सप्रेस देश की सभी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों में सबसे लंबी दूरी तय करेगी।
नागपुर -अजनी- पुणे वंदे भारत एक्सप्रेस से नागपुर से पुणे की दूरी लगभग 12 घंटे में तय करेगी। नागपुर से पुणे तक की यात्रा में यह ट्रेन वर्धा, बडनेरा, अकोला, भुसावल, जलगांव, मनमाड, कोपरगांव, अहिल्यानगर और दौंड स्टेशनों पर रुकेगी और फिर दौंड कॉर्ड लाइन से होते हुए पुणे पहुंचेगी।