प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कश्मीर घाटी में पहली मालगाड़ी पहुंचने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। यह इस क्षेत्र को राष्ट्रीय मालगाड़ी नेटवर्क से जोड़ने की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की एक सोशल मीडिया पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में वाणिज्य और संपर्क के लिए यह एक बड़ा दिन है। उन्होंने कहा कि विकास से प्रगति और समृद्धि को बढ़ावा मिलेगा।
श्री वैष्णव ने अपनी पोस्ट में कहा था कि आज पहली मालगाड़ी पंजाब से कश्मीर घाटी के अनंतनाग पहुंची। उन्होंने कहा कि रेल नेटवर्क द्वारा ढुलाई से कश्मीर घाटी में रहने वाले लोगों के लिए वस्तुओं की कीमतों में कमी आएगी।
अपने पहले फेरे में इस रेलगाड़ी ने 18 घंटे से कम समय में लगभग छह सौ किलोमीटर का सफर तय कर सीमेंट से भरे 21 डब्बे घाटी पहुंचाए। इस उपलब्धि के साथ कश्मीर घाटी अब भारतीय रेल के माल ढुलाई गलियारे में शामिल हो गई है। इससे वस्तुओं की निर्बाध आवागमन सुनिश्चित हो गई है। ढुलाई की लागत कम होने और श्रीनगर-जम्मू राजमार्ग पर वस्तुओं की आवाजाही की अनिश्चितता दूर होने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।
भूस्खलन, पत्थर गिरने और सड़क धंसने के कारण अक्सर वस्तुओं की आवाजाही पर असर पड़ता था। मालगाडि़यों के शुरू होने से घाटी में पूरे वर्ष वस्तुओं की आवाजाही का संपर्क बना रहेगा और साथ ही इस क्षेत्र के बागवानी उत्पाद विशेषकर सेब देश भर के बाजारों तक आसानी से पहुंच पाएंगे।