अगस्त 18, 2025 7:48 पूर्वाह्न

printer

एनडीए से उप-राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार चुने जाने पर सी.पी. राधाकृष्णन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने महाराष्‍ट्र के राज्‍यपाल सी.पी. राधाकृष्‍णन को उपराष्‍ट्रपति उम्‍मीदवार चुने जाने के राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के फैसले का स्‍वागत किया है। पीएम मोदी ने एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में कहा कि श्री राधाकृष्‍णन ने सार्वजनिक सेवा के लम्‍बे दौर में अपनी विनम्रता, बुद्धिमत्ता और समर्पण से अलग पहचान बनायी है। विभिन्‍न पदों पर रहते हुए उन्‍होंने हमेशा जनसेवा और समाज के वंचित वर्गों के सशक्तिकरण का प्रयास किया। तमिलनाडु में जमीनी स्‍तर पर उन्‍होंने महत्‍वपूर्ण कार्य किये हैं तथा विभिन्‍न राज्‍यों के सांसद और राज्‍यपाल के रूप में उनका अनुभव बहुत ही समृद्ध रहा है।

 

 

 

 

इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि राज्‍यपाल के रूप में सेवाकाल के दौरान श्री राधाकृष्‍णन ने हमेशा आम नागरिकों की समस्‍याओं के समाधान का प्रयास किया। इस आधार पर उन्हें विधायी और संवैधानिक मामलों का भी व्‍यापक अनुभव है। प्रधानमंत्री ने विश्‍वास व्‍यक्‍त किया कि श्री राधाकृष्‍णन एक सशक्‍त और प्रेरक उपराष्‍ट्रपति साबित होंगे। सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्‍णव ने भी श्री राधाकृष्‍णन को उपराष्‍ट्रपति पद के लिए एनडीए उम्‍मीदवार बनाए जाने पर बधाई दी है।