जून 20, 2025 9:45 अपराह्न

printer

प्रधानमंत्री ने ओडिशा में 18 हजार 600 करोड़ रुपये की विकास-परियोजनाओं का उद्धाटन और शिलान्‍यास किया

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज शाम ओडिशा में 18 हजार छह सौ करोड़ रुपये की अनेक विकास परियोजनाओं का उद्धाटन और शिलान्‍यास किया। ओडिशा में मुख्‍यमंत्री मोहन चरण माझी के नेतृत्‍व में पहली भाजपा सरकार के एक साल पूरे होने के उपलक्ष्‍य में भुवनेश्वर के जनता मैदान में आयोजित जनसभा को सम्‍बोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि देश में नक्‍सलवाद का जल्‍द ही खात्‍मा होगा।

 

उन्‍होंने कहा कि केंद्र में भाजपा सरकार के शासन में देश में नक्‍सल प्रभावित जिलों की संख्‍या घटकर 20 से भी कम रह गई है। उन्‍होंने कहा कि पिछले दशक में केंद्र में भाजपा सरकार ने जनजातीय लोगों के उत्‍थान के लिए हर र्मोचे पर काम किया। कांग्रेस की आलोचना करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की शासन पद्धति में बड़े पैमाने पर भ्रष्‍टाचार के कारण लोगों का जीवन दुष्‍कर हो गया था।

 

उन्‍होंने कहा कि असम और त्रिपुरा समेत अनेक राज्‍यों में भारतीय जनता पार्टी के सुशासन के मॉडल से शान्ति और विकास का मार्ग प्रशस्‍त हुआ है। श्री मोदी ने ओडिशा दृष्टि-पत्र 2036 का भी विमोचन किया और आशा व्‍यक्‍त कि की इस दस्‍तावेज के अनुरूप वर्ष 2036 तक ओडिशा विकसित राज्‍य बन जाएगा। प्रधानमंत्री ने बीजू पटनायक अंतर्राष्‍ट्रीय हवाई अड्डे से जनता मैदान तक विशाल रोड शो भी किया।