सितम्बर 4, 2024 11:37 पूर्वाह्न

printer

राष्ट्रपति, उपराष्‍ट्रपति और प्रधानमंत्री ने पेरिस पैरालिंपिक्‍स में पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों को बधाई दी

 
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्‍ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने पेरिस पैरालिंपिक्‍स में पदक जीतने के लिए भारतीय खिलाड़ियों शरद कुमार, मरियप्पन थंगावेलु, अजित सिंह और सुंदर सिंह गुर्जर को बधाई दी है। श्रीमती मुर्मु ने एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में शरद कुमार और मरियप्पन को पुरुषों की ऊंची कूद स्‍पर्धा में रजत तथा कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह शरद का दूसरा तथा मरियप्पन का तीसरा व्यक्तिगत पदक है। राष्‍ट्रपति ने कहा कि उनकी उपलब्धि निरंतर उत्‍कृष्‍ट प्रदर्शन का उदाहरण है। 
 
 
राष्‍ट्रपति ने अजित सिंह और सुंदर सिंह गुर्जर को पुरुषों की भाला फेंक स्‍पर्धा में रजत और कांस्य पदक जीतने के लिए बधाई देते हुए कहा कि इन खेलों में सुमित अंतिल के स्वर्ण पदक जीतने के बाद इन पदकों से भारत का प्रदर्शन और निखरा है। उन्होंने कामना की कि ये खिलाड़ी आने वाले समय में देश का गौरव बढ़ाएंगे। 
 
 
उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि अजित सिंह और सुंदर सिंह गुर्जर ने जीत के लिए दृढ़ता और प्रतिबद्धता का प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि देश को उन पर गर्व है। शरद कुमार और मरियप्पन थंगावेलु को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि देश को उनकी उपलब्धियों पर नाज है। 
 
 
प्रधानमंत्री मोदी ने मरियप्पन थंगावेलु को बधाई देते हुए कहा कि पिछले तीन पैरालिम्पिक्स में लगातार पदक जीत कर उन्होंने देश का गौरव बढ़ाया है। शरद कुमार को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि उनकी निरंतरता और उत्‍कृष्‍ट प्रदर्शन सभी के लिए प्रेरणादायी है। 
 
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि सुंदर सिंह गुर्जर ने समर्पण और मेहनत के साथ इन खेलों में शानदार प्रदर्शन किया है। अजित सिंह को बधाई देते हुए श्री मोदी ने कहा कि खेलों में उनकी प्रतिबद्धता तथा उपलब्धियों से देश गौरान्वित हुआ है।