मार्च 19, 2026 2:25 अपराह्न

printer

राष्ट्रपति मुर्मु ने अयोध्या के श्री राम जन्मभूमि मंदिर में पूजा-अर्चना की और मंदिर में श्री राम यंत्र की स्थापना समारोह में भाग लिया

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज कहा कि देश सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक मोर्चे पर पुनर्जागरण के दौर से गुजर रहा है और अयोध्या स्थित श्री राम जन्मभूमि मंदिर इसका प्रतीक है।

राष्ट्रपति अयोध्या में एक सभा को संबोधित कर रही थीं। राष्ट्रपति उत्‍तर प्रदेश के तीन दिन के दौरे पर हैं।

श्रीमती मुर्मु ने राम जन्मभूमि मंदिर में आरती की तथा श्री राम यंत्र स्थापना समारोह में भाग लिया। वैदिक मंत्रों के बीच आज मंदिर की दूसरी मंजिल पर श्री राम यंत्र स्थापित किया गया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज का भारत न केवल एक नया भारत है बल्कि एक बदलता हुआ भारत भी है। उन्होंने बताया कि पिछले एक साल में लगभग 158 करोड़ श्रद्धालुओं ने राज्य के विभिन्न मंदिरों में दर्शन किए।