दिसम्बर 11, 2025 8:15 अपराह्न | DevelopmentProjects | Imphal | Manipur | PresidentMurmu

printer

राष्ट्रपति मुर्मु ने मणिपुर के इंफाल में 1,300 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज शाम इंफाल के सिटी कन्वेंशन सेंटर में आयोजित एक समारोह में एक हज़ार तीन सौ सत्तासी करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। वे आज मणिपुर की दो दिन की यात्रा पर इंफाल पहुंचीं।

राष्ट्रपति ने एक हज़ार एक सौ अस्सी करोड़ रुपये की चौदह परियोजनाओं का शिलान्यास किया और दो सौ सात करोड़ रुपये की बारह परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया।

जिन परियोजनाओं का राष्ट्रपति ने शिलान्यास और उद्घाटन किया, उनमें स्वास्थ्य क्षेत्र, शिक्षा, सड़क और राजमार्ग, जनजातीय विकास, कृषि, बिजली, सुरक्षा और प्रशासनिक खेल, बुनियादी ढांचा, पेय जल और अन्य सहित कई परियोजनाएं शामिल हैं।

दुर्भाग्यपूर्ण हिंसा के बाद मणिपुर के लोगों को हुए दर्द पर दुख व्यक्त करते हुए, राष्ट्रपति ने कहा कि सरकार हर प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है।

उन्‍होंने आश्वासन दिया कि मणिपुर के लोगों की चिंताओं का ध्यान रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। भारत सरकार सद्भाव को मज़बूत करने, सुरक्षा सुनिश्चित करने और मणिपुर को स्थिरता और समृद्धि की यात्रा में समर्थन देने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि सरकार पूरे राज्य में समान विकास को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है और यह सुनिश्चित करेगी कि विकास और प्रगति के परिणाम राज्य के हर कोने तक पहुंचें।

राष्ट्रपति ने कहा कि मणिपुर के लोग प्रतिभाशाली और मेहनती हैं और उन्होंने उम्मीद जताई कि घाटी और पहाड़ी क्षेत्रों के लोग नए सद्भाव के साथ मिलकर रहेंगे और राज्य को समृद्धि और खुशी की नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। राष्ट्रपति ने मणिपुर के लोगों से सद्भाव और विकास के उपायों का समर्थन जारी रखने का भी आग्रह किया।

मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने राष्ट्रपति को मोइरांग फी और सगोल कांगजेई की एक पेंटिंग भेंट की। मोइरांग फी मणिपुर का एक प्रसिद्ध हथकरघा कपड़ा है जो अपने विशिष्ट बॉर्डर डिज़ाइन के लिए जाना जाता है। बाद में राष्ट्रपति के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्‍तुत किए गए।

इससे पहले, राष्ट्रपति ने ऐतिहासिक इंफाल पोलो ग्राउंड का दौरा किया और एक पोलो प्रदर्शनी मैच देखा। उन्होंने इंफाल के राजभवन में आंतरिक रूप से विस्थापित व्यक्तियों से भी मुलाकात की।

राष्ट्रपति नुपी लाल दिवस 2025 के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी और इंफाल में नुपी लाल मेमोरियल कॉम्प्लेक्स में मणिपुर की बहादुर महिलाओं को पुष्पांजलि अर्पित करेंगी। बाद में, वह सेनापति जिले का दौरा करेंगी और जिले में शुरू की गई कुछ परियोजनाओं का उद्घाटन और आधारशिला रखेंगी।