मार्च 20, 2026 2:17 अपराह्न

printer

मजबूत और आत्मनिर्भर भारत का सपना तभी साकार हो सकता है जब उसके नागरिक स्वस्थ हों: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि एक मजबूत और आत्मनिर्भर भारत का सपना तभी साकार हो सकता है जब उसके नागरिक स्वस्थ हों। उन्‍होंने उत्तर प्रदेश के वृंदावन स्थित रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम अस्पताल में नंद किशोर सोमानी ऑन्कोलॉजी ब्लॉक का उद्घाटन करने के बाद सभा को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार आज स्वास्थ्य सेवा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और प्रत्येक नागरिक के लिए गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
 
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने  कहा कि केंद्र सरकार देश की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार और ठोस कदम उठा रही है। उन्‍होंने कहा कि आयुष्मान भारत जैसी प्रमुख पहलों के माध्यम से लाखों नागरिकों को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।
 
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उल्लेख किया कि इस योजना में कैंसर का इलाज भी शामिल है, जिससे गरीबों और जरूरतमंद नागरिकों को लाभ मिल रहा है। उन्‍होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए, विशेष रूप से ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए, देश भर में नए एम्स, मेडिकल कॉलेज और स्वास्थ्य तथा कल्याण केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने  इस बात पर प्रकाश डाला कि कैंसर आज एक बड़ी स्वास्थ्य चुनौती बनकर उभरा है। उन्‍होंने इस बात पर जोर दिया कि समय पर निदान और उन्नत उपचार तक पहुंच मरीजों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
 
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु  कल से तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश दौरे पर हैं। उन्होंने इससे पहले आज सवेरे प्रेमानंदजी  महाराज आश्रम का दौरा किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने  वृंदावन में नीब करोरी बाबा की समाधि पर भी जाकर पुष्पांजलि अर्पित की। शाम को वे वात्सल्य ग्राम का दौरा करेंगी। यह  एक कल्याणकारी संगठन है जो बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की देखभाल के लिए काम करता है।