राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज तेलंगाना के संगारेड्डी में एक फैक्ट्री में आग लगने की घटना में मारे गए लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। सोशल मीडिया पर पोस्ट में राष्ट्रपति ने कहा कि वह इस त्रासदी से बहुत दुखी हैं। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
बता दें कि तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में एक दवाई की फैक्ट्री में आज हुए विस्फोट में 12 कर्मचारियों की मौत हो गई और 26 से ज़्यादा लोग घायल हो गए। इस घटना में कंपनी का परिसर पूरी तरह से जल गया। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, राज्य आपदा प्रतिक्रिया दल और अन्य एजेंसियां बचाव अभियान चला रही हैं।
घटनास्थल का दौरा करने वाले राज्य के श्रम मंत्री विवेक वेंकटस्वामी ने बताया कि विस्फोट के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। इस बीच, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने अधिकारियों को घायलों को बेहतर चिकित्सा सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया है।
केंद्रीय कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा है कि केंद्रीय एजेंसियाँ बचाव अभियान में पूरा सहयोग करेंगी।