राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि देश की महिला शक्ति आकांक्षा, उपलब्धि और योगदान के लिए आगे आ रही है। राष्ट्रपति ने महिलाओं से बड़े सपने देखने और उन्हें हासिल करने के लिए साहस, शक्ति और क्षमता जुटाने का आग्रह किया।
राष्ट्रपति आज बेंगलुरु में आर्ट ऑफ लिविंग इंटरनेशनल सेंटर के 10वें अंतर्राष्ट्रीय महिला सम्मेलन को संबोधित कर रही थीं। राष्ट्रपति ने कहा कि महिलाओं को निडर होना चाहिए। उन्होंने महिलाओं से महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित करने, बाधाएं तोड़ने और रूढ़ियों को चुनौती देनी का आह्वान किया।
राष्ट्रपति ने कहा कि प्रत्येक मनुष्य को करुणा, प्रेम और एकता के मूल्यों को प्रोत्साहन देने के लिए अतिरिक्त प्रयास करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं में करुणा के जरिये नेतृत्व करने की विशेष क्षमता होती है।
राष्ट्रपति ने मानसिक स्वास्थ्य के महत्व के बारे में कहा कि यह महिलाओं के लिए बहुत आवश्यक है।