राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भारत और अल्जीरिया के बीच गहरे आर्थिक सहयोग के लिए आह्वान किया है। अल्जीरिया की राजधानी अल्जीयर्स में अल्जीरिया-भारत आर्थिक मंच को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही। राष्ट्रपति ने द्विपक्षीय साझेदारी को और मजबूत करने तथा सहयोग के एक नए युग की दिशा में नई गति प्रदान करने की आवश्यकता पर जोर दिया। राष्ट्रपति मुर्मु अपनी तीन देशों- अल्जीरिया, मॉरिटानिया और मलावी की यात्रा के अंतर्गत अल्जीयर्स में हैं। 
तीन देशों की यात्रा के दूसरे चरण में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु कल मॉरिटानिया के लिए रवाना होंगी। अंतिम चरण में राष्ट्रपति 17 से 19 अक्टूबर तक मलावी का दौरा करेंगी। इन देशों की यात्रा के दौरान, राष्ट्रपति का शीर्ष नेतृत्व के साथ द्विपक्षीय बैठकें करने और प्रमुख व्यापार और उद्योग जगत के नेताओं और भारतीय प्रवासियों के साथ बातचीत करने का भी कार्यक्रम है। राष्ट्रपति की तीन देशों की यात्रा का उद्देश्य अफ्रीका के देशों के साथ भारत के संबंधों को और अधिक विस्तारित तथा मजबूत करना है। 
		 
									 
		 
									 
									 
									 
									