राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पेरिस ओलम्पिक्स 2024 में भारतीय हॉकी टीम को कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी है।
एक सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि भारत ने पांच दशकों के बाद ओलम्पिक खेलों में एक के बाद एक कांस्य पदक जीते हैं। उन्होंने कहा कि हॉकी टीम की जीत भारत के लिए गर्व का विषय है और भारतीय हॉकी के फिर से मजबूत होने के लिए प्रशंसा की पात्र है। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम की निरन्तरता, कौशल, समन्वय और मुकाबले की भावना देश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि भारतीय हॉकी टीम की सफलता, उसके कौशल और टीम भावना की परिचायक है। श्री मोदी ने कहा कि यह जीत इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि हॉकी टीम ने ओलंपिक्स में लगातार दूसरा पदक जीता है। उन्होंने कहा कि भारतीयों का हॉकी के साथ भावनात्मक जुड़ाव है और यह पदक देश के युवाओं में हॉकी को और लोकप्रिय बनायेगा।