मार्च 30, 2026 12:05 अपराह्न

printer

ईरानी हमले में बिजली-जल संयंत्र का सेवा भवन क्षतिग्रस्त, एक भारतीय कर्मचारी की मौत: कुवैत

कुवैत के विद्युत, जल और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय ने बताया है कि ईरानी हमले में उसके बिजली और जल विलवणीकरण संयंत्र में स्थित सेवा भवन क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे एक भारतीय कर्मचारी की मृत्यु हो गई और भारी नुकसान हुआ है।

मंत्रालय की प्रवक्ता फातिमा अब्बास जौहर हयात के अनुसार यह घटना कल शाम हुई। नुकसान को नियंत्रित करने और संचालन जारी रखने के लिए   तत्काल आपातकालीन और तकनीकी टीमों को तैनात किया गया। अधिकारियों ने प्रभावित स्थल को सुरक्षित करने के लिए सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय भी किया।

मंत्रालय ने बताया कि बिजली और पानी की आपूर्ति में स्थिरता सुनिश्चित करने के प्रयास जारी हैं।  आवश्यक सेवाओं में व्यवधान को रोकने के लिए टीमें लगातार काम कर रही हैं। अधिकारियों ने जनता से शांति बनाए रखने और आधिकारिक चैनलों की सत्यापित जानकारी पर भरोसा करने का आग्रह किया है। भ्रामक खबरों के प्रति सचेत रहने को कहा गया है।

भारतीय दूतावास ने हमले में एक भारतीय नागरिक के मारे जाने पर शोक व्यक्त किया है। दूतावास ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि वह कुवैत के अधिकारियों के साथ मिलकर हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए समन्वय कर रहा है।