देश में सकारात्मक शासन के परिणामस्वरूप विशेष रूप से युवाओं के लिए बड़ा बदलाव आया है: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़  

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा है कि देश में सकारात्मक शासन के परिणामस्वरूप विशेष रूप से युवाओं के लिए बड़ा बदलाव आया है। मुंबई में एक कार्यक्रम में उन्‍होंने ‘सशक्त भारत: विकसित भारत 2047 बनाने में उच्च शिक्षा संस्थानों की भूमिका’ पर मुख्य भाषण दिया।

 

उपराष्ट्रपति ने कहा कि अब देश में निर्णय लेने की प्रक्रिया पारदर्शी और जवाबदेह है। उन्होंने कहा कि इन फैसलों से अर्थव्यवस्था में तेजी आई है। उन्होंने कहा कि 1990 में देश की अर्थव्यवस्था का आकार लंदन और पेरिस जैसे शहरों से कम था और अब यह ब्रिटेन और फ्रांस से आगे है। उन्होंने कहा कि विश्व बैंक ने भारत को निवेश और अवसरों के लिए वैश्विक केन्‍द्र के रूप में सराहा है। उपराष्‍ट्रपति ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष ने अन्य देशों के लिए एक रोल मॉडल के रूप में भारत की डिजिटलीकरण की सराहना की है।

 

श्री धनखड़ ने कहा कि प्रौद्योगिकी और डिजिटल परिवर्तन, सतत विकास, स्वास्थ्य देखभाल और जीवन विज्ञान, कृषि और खाद्य सुरक्षा, सामाजिक विज्ञान और मानविकी, कौशल विकास और व्यावसायिक प्रशिक्षण तथा उद्यमिता और नवाचार विकसित भारत की यात्रा को तेजी से आगे बढ़ा सकते हैं।