जनवरी 5, 2026 2:11 अपराह्न

printer

प्रदूषण नियंत्रण पोत समुद्र प्रताप हुआ भारतीय तटरक्षक बल के बेड़े में शामिल

भारतीय तटरक्षक बल ने पहले स्वदेशी रूप से डिजाइन और निर्मित प्रदूषण नियंत्रण पोत, समुद्र प्रताप को आज अपने बेडे़ में शामिल किया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज गोवा में इस पोत का शुभारंभ किया। यह पोत समुद्री प्रदूषण नियंत्रण नियमों को लागू करने, समुद्री कानून प्रवर्तन, खोज और बचाव अभियानों में सुरक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में कार्य करेगा। इसमें 70 प्रतिशत से अधिक स्वदेशी सामग्री इस्‍तेमाल की गई है। पोत में परिचालन क्षमता बढ़ाने के लिए एक हेलीकॉप्टर हैंगर भी है।

इस अवसर पर, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस पोत को देश के सामूहिक संकल्प और समुद्री आत्मविश्वास का प्रतीक बताया। श्री सिंह ने जलवायु परिवर्तन के मद्देनजर समुद्री जैव विविधता की रक्षा को एक नैतिक जिम्मेदारी बताया। उन्‍होंने कहा कि यह पोत, समुद्र के भीतर प्रवाल भित्तियों और समुद्र के तट पर रहने वाले लोगों की रक्षा में सहायता करेगा। श्री सिंह ने समुद्र उद्योग से भविष्य की परियोजनाओं में 90 प्रतिशत स्वदेशीकरण का लक्ष्य रखने का आह्वान किया।

इस 114 मीटर लंबे पोत को गोवा शिपयार्ड लिमिटेड द्वारा निर्मित किया गया है। इसे तेल रिसाव का पता लगाने के लिए डिज़ाइन किया गया है। ये पोत, उन्नत स्वीपिंग आर्म्स और डायनामिक पोजिशनिंग की सुविधा से सुसज्जित है।