प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तराखण्ड में पूरे वर्ष पर्यटन को बढ़ावा देने के महत्व पर बल दिया है। देहरादून में दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे के उद्घाटन कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि राज्य की अर्थव्यवस्था के लिए 12 महीने का पर्यटन निर्णायक है। उन्होंने शीतकालीन पर्यटन के लिए एक गंतव्य, शीतकालीन खेल और डेस्टिनेशन वेडिंग के रूप में राज्य की बढ़ती लोकप्रियता का उल्लेख किया।
कैलाश और ओम पर्वत की अपनी 2023 की यात्रा का उल्लेख करते हुए श्री मोदी ने कहा कि तब से श्रद्धालुओं की संख्या में काफी बढ़ोतरी हुई है। इससे यहां के स्थानीय निवासियों के लिए आजीविका के अवसर सृजित हुए।
दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे के लाभ का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इससे पर्यटकों की बढ़ती संख्या, आतिथ्य, परिवहन और अन्य स्थानीय सेवाओं से जुड़े लोगों की आय बढ़ाएगी। उन्होंने आगामी कुम्भ मेले का उल्लेख करते हुए कहा कि धार्मिक अवसरों पर उत्तराखण्ड में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की आशा की जा रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की प्राकृतिक सुन्दरता और पवित्रता को संरक्षित करना पर्यटन को बनाए रखने के लिए आवश्यक है। इससे राज्य को दीर्घकालिक आर्थिक लाभ मिलेगा।