जनवरी 26, 2026 9:11 अपराह्न

printer

गणतंत्र दिवस पर प्रधानमंत्री मोदी का संदेश, देश ने गर्व और उत्साह के साथ मनाया पर्व

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा कि भारत ने बहुत ही उत्‍साह और गर्व के साथ गणतन्‍त्र दिवस मनाया। सोशल मीडिया पोस्‍ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि कर्तव्‍य पथ पर भव्‍य परेड में देश के लोकतंत्र की मजबूती, सांस्‍कृति समृद्धि और राष्‍ट्र को एक साथ बांधे रखने वाली एकता का प्रदर्शन हुआ। उन्होंने कहा कि परेड में भारत के अभेद्य सुरक्षा तंत्र को भी प्रदर्शित किया गया जो राष्‍ट्र की तैयारियों, प्रौद्योगिक क्षमता और अपने नागरिकों की सुरक्षा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता दर्शाता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश को यूरोपीय परिषद के अध्‍यक्ष एंतोनियो कोस्‍टा और यूरोपीय आयोग की अध्‍यक्ष उर्सुला फॉन डेर लायन की गणतन्‍त्र दिवस समारोह में मेजबानी करने का गौरव मिला। उन्‍होंने कहा कि इन नेताओं की उपस्थिति भारत-यूरोपीय संघ की मजबूत हो रही साझेदारी और साझा मूल्‍यों के प्रति प्रतिबद्धता का परिचायक है। श्री मोदी ने कहा कि इन दोनों की यात्रा से भारत और समूचे यूरोप के बीच विभिन्‍न क्षेत्रों में सम्‍पर्क और सहयोग प्रगाढ करने की दिशा को रफ्तार मिली है।