प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज दिल्ली में सेवा तीर्थ परिसर का उद्घाटन किया। यह उनका नया कार्यालय होगा।सेवा तीर्थ प्रणाली अपनाने के बाद लिए गए अपने पहले निर्णयों में, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रधानमंत्री राहत योजना को मंजूरी दी है। इस निर्णय में लखपति दीदियों के लक्ष्य को दोगुना करके छह करोड़ रुपए, कृषि बुनियादी ढांचा कोष को दोगुना करके दो लाख करोड़ रुपए और स्टार्टअप इंडिया फंड ऑफ फंड्स 2.0 को दस हजार करोड़ रुपए की निधि की मंजूरी दी गई है। श्री मोदी ने किसानों, महिलाओं, युवाओं और संकटग्रस्त नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण निर्णयों से संबंधित महत्वपूर्ण फाइलों पर हस्ताक्षर किए। सेवा तीर्थ प्रणाली में श्री मोदी द्वारा लिए गए पहले निर्णय सेवा की भावना को दर्शाते हैं तथा समाज के हर वर्ग को इसमें सम्मलित करते हैं।
प्रधानमंत्री राहत योजना के अंतर्गत दुर्घटना पीडि़त डेढ़ लाख रुपए तक नि:शुल्क उपचार प्राप्त कर सकेंगे। यह इस बात को सुनिश्चित करता है कि तत्काल चिकित्सीय मदद के अभाव में कोई जान नहीं जानी चाहिए। सरकार तीन करोड़ लखपति दीदी बनाने के महत्वपूर्ण आंकड़े को पार कर चुकी है। यह मार्च 2027 की मूल समय सीमा के एक वर्ष से बहुत पहले हासिल कर लिया गया है। प्रधानमंत्री ने मार्च 2029 तक छह करोड़ लखपति दीदियों का नया महत्वकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है। इस लक्ष्य में मानदंड और आकांक्षा दोनों को दोगुना किया गया है। भारत की संपूर्ण कृषि मूल्य श्रृंखला को मजबूत करने के उद्देश्य से कृषि अवसंरचना कोष को दोगुना करके 2 लाख करोड़ रुपये कर दिया गया है। प्रधानमंत्री ने स्टार्टअप इंडिया फंड ऑफ फंड्स 2.0 को मंजूरी दी है, जिसमें 10 हजार करोड़ रुपये का कोष है, ताकि नवाचार की अगली लहर को बढ़ावा दिया जा सके और भारत के विशेष रूप से गहन तकनीक नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र में प्रारंभिक चरण के विचारों, उन्नत विनिर्माण और अभूतपूर्व प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र को सशक्त बनाया जा सके।
News On AIR | फ़रवरी 13, 2026 9:13 अपराह्न | PM Modi’s first decisions from Seva Teerth
प्रधानमंत्री मोदी ने सेवा तीर्थ से पहले निर्णयों में दुर्घटना राहत, महिलाओं, कृषि और स्टार्टअप सहित चार प्रमुख योजनाओं को स्वीकृति दी