फ़रवरी 7, 2026 10:10 अपराह्न | PM Modi in Malaysia

printer

प्रधानमंत्री मोदी ने मलेशिया में भारतीय समुदाय को संबोधित किया, द्विपक्षीय रिश्तों की मजबूती पर दिया जोर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मलेशिया के दो दिन के आधिकारिक दौरे पर हैं। श्री मोदी ने कुआलालंपुर के माइंस एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर में भारतीय समुदाय लोगों के कार्यक्रम को संबोधित किया। इस कार्यक्रम में मौजूद करीब 15 हजार लोगों की सभा को संबोधित करते हुए, श्री मोदी ने भारत और मलेशिया के आमलोगों के बीच गहरे व्यक्तिगत और परस्पर संबंधों पर जोर दिया, और भारतीय डायस्पोरा को दोनों देशों के दिलों को जोड़ने वाला एक ऐसा कड़ी बताया जो सदैव सक्रिय रहता है। मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ अपनी पुरानी दोस्ती को याद करते हुए, श्री मोदी ने कहा कि उन्होंने पिछले साल के आसियान शिखर सम्मेलन में शामिल न हो पाने के बाद मलेशिया आने का वादा किया था, जिसे उन्होंने अब पूरा किया है। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि भारत और मलेशिया ने 2024 में अपने संबंधों को एक व्यापक रणनीतिक साझेदारी तक बढ़ाया था। उन्होंने कहा कि अब दोनों देश एक-दूसरे से कदम से कदम मिलाकर चलते हैं और एक-दूसरे की सफलता की खुशी मनाते हैं। उन्होंने कहा कि भारत का विकास मलेशिया और एशिया की प्रगति में भी योगदान देता है। आर्थिक सहयोग पर जोर देते हुए, श्री मोदी ने कहा कि 100 से अधिक भारतीय आईटी कंपनियां मलेशिया में काम कर रही हैं, जिससे हजारों नौकरियां पैदा हो रही हैं। उन्होंने घोषणा की कि भारत का डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म UPI जल्द ही मलेशिया में भी लॉन्च किया जाएगा। भारतीय डायस्पोरा पर केंद्रित प्रमुख पहलों की घोषणा करते हुए, श्री मोदी ने कहा कि ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया (OCI) कार्ड की सुविधा छठी पीढ़ी तक बढ़ा दी गई है, भारत में पढ़ने वाले छात्रों के लिए तिरुवल्लुवर छात्रवृत्ति शुरू की जाएगी, और मलेशिया में एक नया भारतीय वाणिज्य दूतावास खोला जाएगा। भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए, उन्होंने कहा कि चाहे वे कुआलालंपुर में पैदा हुए हों या कोलकाता में, भारत उनके दिलों में बसता है, और एक समृद्ध मलेशिया और एक विकसित भारत के विजन में योगदान देने के लिए भारतीय डायस्पोरा की प्रशंसा की।