प्रधानमंत्री मोदी ने उभरती प्रौद्योगिकियों में सहयोग बढ़ाने के लिए समिट के दौरान कई विश्व नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज नई दिल्ली में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के अवसर पर कई द्विपक्षीय बैठकें कीं।

उन्होंने अबू धाबी के शहजादे शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ मुलाकात की। विदेश मंत्रालय ने बताया कि बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों में हुई प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। भारत और संयुक्त अरब अमीरात के ऐतिहासिक संबंधों को याद करते हुए, दोनों पक्षों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की।

प्रधानमंत्री मोदी ने नीदरलैंड्स के प्रधानमंत्री डिक शूफ के साथ भी द्विपक्षीय बैठक की। इस दौरान दोनों नेताओं ने आर्थिक और सामाजिक परिवर्तन के रूप में एआई के उपयोग पर विचार-विमर्श किया। भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते की वार्ताओं के निष्कर्षों का उल्लेख करते हुए, दोनों नेताओं ने इसके शीघ्र क्रियान्वयन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में भारत-नीदरलैंड्स सहयोग को मजबूत करने तथा आर्थिक साझेदारी में नई संभावनाओं का लाभ उठाने पर सहमति व्यक्त की। दोनों नेताओं ने वैश्विक स्तर पर आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई को और मजबूत करने का भी संकल्प लिया।

इसके अलावा, प्रधानमंत्री ने स्विट्ज़रलैंड के राष्ट्रपति गाइ पार्मेलिन से भी मुलाकात की। उन्होंने ग्रीस के प्रधानमंत्री किरियाकोस मित्सोटाकिस के साथ भी द्विपक्षीय वार्ता की।