प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों के सक्रिय सहयोग से भारत को 2047 तक विकसित बनाने के अपनी सरकार के इरादे को स्पष्ट किया है। आज बेंगलुरु में नम्मा मेट्रो के तीसरे चरण के उद्घाटन के बाद अपने संबोधन में उन्होंने विकास की ओर भारत की यात्रा के लिए स्थापित मानदंडों का उल्लेख किया। उन्होंने सुधारों, उपलब्धियों और परिवर्तनों के माध्यम से भारत को एक विकसित देश बनाने के लिए अपनी सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का ज़िक्र किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह यात्रा तब शुरू हुई जब 2014 से पहले भारत दुनिया के दस सबसे कमज़ोर देशों में से एक था। अब भारतीय अर्थव्यवस्था पाँचवीं सबसे बड़ी और सबसे तेज़ी से आगे बढने वाली अर्थव्यवस्था है। मेट्रो रेल पाँच शहरों से बढ़कर 24 शहरों तक पहुँच गई है और मेट्रो नेटवर्क के मामले में दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। पिछले 11 वर्षों में, रेलवे लाइनों का विद्युतीकरण 40 हजार किलोमीटर से बढ़कर 22 हजार किलोमीटर हो गया है, हवाई अड्डों की संख्या 74 से बढ़कर आज 160 हो गई है, जलमार्ग तीन से बढ़कर 30 हो गए हैं, एम्स सात से बढ़कर 22 हो गए हैं, मेडिकल कॉलेज 387 से बढ़कर 704 हो गए हैं, आईआईटी 16 से बढ़कर 23, आईआईआईटी 25 और आईआईएम 13 से बढ़कर 26 हो गए हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना में भी तेज़ी देखी जा रही है क्योंकि चार करोड़ घर आवंटित किए जा चुके हैं तथा तीन करोड़ और घर बनने वाले हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि बेंगलुरु जैसे शहर, जो तकनीक के केंद्र हैं, मेट्रो रेल से लाभान्वित होंगे और इससे बुनियादी ढाँचे और गतिशीलता में सुधार होगा।