दिल्ली में आज दोपहर के समय तेज धूप होने से लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा, हालांकि शाम के समय शहर के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश और आंधी के बाद गर्मी से तापमान में कमी आई और लोगों को राहत महसूस हुई।
मौसम विभाग के अनुसार आज का अधिकतम तापमान सामान्य से चार दशमलव पांच डिग्री अधिक 39 दशमलव छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच दशमलव नौ डिग्री अधिक 25 दशमलव नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान बादल छाये रहने और हल्की बारिश की संभावना है। इसके अलावा 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार तक तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
कल का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने का अनुमान है।