पेरिस ओलंपिक में मौजूदा ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता और विश्व चैंपियन भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा अपने खिताब की रक्षा करने उतरेंगे। वे आज रात एक बार फिर इतिहास रच सकते हैं। वहीं, पुरूष हॉकी टीम आज शाम कांस्य पदक मैच में स्पेन के साथ भिड़ेगी। भारतीय खेल प्रेमियों की नजर कुश्ती पर भी होगी, जहां भारत के एकमात्र पुरुष पहलवान अमन सहरावत आज दोपहर बाद पुरुषों की 57 किलोग्राम भार वर्ग फ्रीस्टाइल स्पर्धा में भाग लेंगे। महिला पहलवान अंशु भी महिलाओं की 57 किलोग्राम भार वर्ग फ्रीस्टाइल स्पर्धा में मैदान में उतरेंगी।
पेरिस ओलंपिक में कल भारत के लिए एक दुर्भाग्यपूर्ण घटनाक्रम में महिला पहलवान विनेश फोगाट को 50 किलोग्राम वर्ग में उनका वजन कुछ ग्राम अधिक होने के कारण फ्रीस्टाइल फाइनल स्पर्धा के लिए अयोग्य घोषित कर दिया गया। विनेश ने फाइनल स्पर्धा में अयोग्य ठहराए जाने के फैसले के विरुद्ध खेल पंचाट न्यायालय (सीएएस) में अपील दायर की है। उन्होंने अपने लिए संयुक्त ओलंपिक रजत पदक की मांग की है।
भारतीय भारोत्तोलक एस. मीराबाई चानू महिलाओं की 49 किलोग्राम फाइनल स्पर्धा में पेरिस ओलंपिक में चौथे स्थान पर रहीं। टोक्यो 2020 ओलंपिक की रजत पदक विजेता मीराबाई चानू क्लीन एंड जर्क में विश्व रिकॉर्ड धारक भारोत्तोलक हैं लेकिन कल वे तोक्यो के अपने प्रदर्शन को दोहराने में असफल रहीं। स्पर्धा के दो चरणों के समापन के बाद चानू 199 किलोग्राम का वजन उठा सकीं। 2020 के एशियाई चैंपियनशिप में उन्होंने श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 205 किलोग्राम का वजन उठाया था।
भारत के शीर्ष धावक अविनाश साबले अपनी गति बनाए रखने में असफल रहे और उन्हें पुरूषों की तीन हजार मीटर की स्टीपलचेज दौड़ में 11वें स्थान से संतोष करना पड़ा। पेरिस ओलिंपिक में कल मोरक्को के सुफियाने एल. बक्काली ने आठ मिनट और 6.05 सेकंड में अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए तीन हजार मीटर की स्टीपलचेज स्पर्धा का खिताब जीता।