पाकिस्तान के बलूचिस्तान में मूसलाधार बारिश और अचानक आई बाढ़ से व्यापक तबाही मची है। इसमें सैकड़ों घर, पशुधन और फसलें नष्ट हो गईं। इस बाढ़ में सात लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए।
स्थानीय मीडिया के अनुसार, बाढ़ ने कच्छी, नासिराबाद, झाल मगसी, डेरा बुगती, सिबी, हरनाई, कोहलू, तुरबत, जाफरबाद, लोरालाई और बोलन सहित कई जिलों को बुरी तरह प्रभावित किया है।
हरनाई-क्वेटा और क्वेटा-संजावी राष्ट्रीय राजमार्गों के कुछ हिस्से बह गए और कई सड़कें प्रभावित हुईं, जिससे कई समुदाय अलग-थलग पड़ गए और सिंध और बलूचिस्तान के बीच यातायात ठप हो गया। जिला प्रशासन के समन्वय से आपातकालीन दल बचाव और राहत अभियान चला रहे हैं।
पिछले महीने की 30 तारीख को, प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने बताया कि खैबर पख्तूनख्वा के कई इलाकों में भारी बारिश के कारण छत और दीवारें गिरने से 14 बच्चों सहित 17 लोगों की मौत हो गई और 56 अन्य घायल हो गए।।