पाकिस्तान के रावलपिंडी में पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ-पीटीआई पार्टी के संभावित विरोध प्रदर्शन को देखते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 1300 से अधिक पुलिस अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। इससे पहले पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने अपने समर्थकों से देशव्यापी विरोध प्रदर्शन के लिए तैयार रहने का आह्वान किया था।
इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी को तोशाखाना-2 भ्रष्टाचार मामले में 17 साल की जेल की सजा सुनाई गई है। एक बयान में पीटीआई ने कहा कि समन्वित विरोध प्रदर्शनों से पहले सभी प्रांतों में कार्यकर्ताओं से लामबंदी के लिए कहा गया है। पार्टी ने कहा कि यह आंदोलन इमरान खान के सीधे निर्देशों पर शुरू किया गया है और कार्यकर्ताओं को दीर्घकालिक आंदोलन रणनीति के तहत सड़कों पर बने रहने के निर्देश दिए गए हैं।
पीटीआई नेताओं ने भी अपने नेता के प्रति समर्थन व्यक्त किया और इस फैसले के खिलाफ कार्रवाई करने का संकल्प लिया। पूर्व प्रधानमंत्री और उनकी पत्नी पर तोशाखाना-2 मामले में 2021 में सऊदी सरकार से मिले सरकारी उपहारों में कथित धोखाधड़ी का आरोप है।