केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय एक भारत श्रेष्ठ भारत पहल के अंतर्गत 6वें युवा संगम का आयोजन कर रहा है। इसका उद्देश्य विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के युवाओं में सांस्कृतिक एकीकरण को बढावा देना तथा लोगों से लोगों के संपर्कों सशक्त बनाना है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत देश के विभिन्न हिस्सों के युवा प्रतिभागी जीवन, विकास, संस्कृति, विरासत, शिक्षा, पर्यटन, नवाचार और श्रेष्ठ कार्य प्रणालियों के विभिन्न पहलुओं का अनुभव करने के लिए सहयोगी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों का दौरा कर रहे हैं। एक भारत श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम की परिकल्पना विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के लोगों के बीच विचार-विमर्श और परस्पर समझ को बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा की गई थी।
युवा संगम शिक्षा तथा सांस्कृतिक आदान-प्रदान का कार्यक्रम है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिभागी जीवन के विभिन्न पहलुओं का गहन अनुभव प्राप्त करते हैं। पिछले चरण का युवा संगम देश भर से व्यापक भागीदारी और जबरदस्त प्रतिक्रिया का साक्षी बना। इस पहल की शुरूआत के बाद देश के विभिन्न वर्गों का प्रतिनिधित्व करने वाले छह हजार से अधिक युवा और समन्वयकों ने एक सौ तीस से अधिक राज्यों का दौरा किया है।