अप्रैल 1, 2026 8:06 अपराह्न

printer

नई दिल्ली में कल से एक सप्ताह का साधना सप्ताह आयोजित

कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग, क्षमता निर्माण आयोग और कर्मयोगी भारत मिलकर कल से नई दिल्ली में एक सप्ताह का साधना सप्ताह आयोजित कर रहे हैं। इसका उद्देश्य देशभर के सिविल सेवकों की क्षमता, कार्यकुशलता और दक्षता में सुधार करना है। केंद्रीय मंत्रालयों, विभागों, संगठनों और राज्यों के सभी स्तरों के कर्मचारी और अधिकारी सप्ताह भर चलने वाले अभ्यास में आई गॉट प्लेटफॉर्म और अन्य माध्यमों से भाग लेंगे। क्षमता निर्माण आयोग की अध्यक्ष एस. राधा चौहान ने कहा कि साधना सप्ताह के दौरान यह देखा जाएगा कि क्षमता निर्माण किस प्रकार विकसित भारत के उद्देश्यों को साकार करने में सहायक है। अध्यक्ष ने कहा कि आई गॉट क्षमता निर्माण के लिए एक संपूर्ण प्लेटफॉर्म है जो विशिष्ट मांगों के आधार पर व्यवहारिक, कार्यात्मक और डोमेन-संबंधित पाठ्यक्रम प्रदान करता है।

क्षमता निर्माण आयोग के सचिव जगदीप गुप्ता ने कहा कि यह कार्यक्रम मिशन कर्मयोगी के व्यापक दृष्टिकोण के अनुरूप है, जिसका उद्देश्य भविष्य के लिए तैयार सिविल सेवा का निर्माण करना है। श्री गुप्ता ने बताया कि मिशन कर्मयोगी के तहत प्रौद्योगिकी, आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस और स्वदेशी ज्ञान प्रणालियों जैसे क्षेत्रों सहित कई प्रकार के पाठ्यक्रम और शिक्षण मॉड्यूल शुरू किए गए हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे प्रयासों से क्षमता निर्माण को मजबूती मिलेगी तथा अधिक कुशल, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित शासन में सहयोग मिलेगा।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला