अगस्त 2, 2025 8:43 अपराह्न

printer

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ में आज से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत हुई है

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आज से छत्तीसगढ़ में ‘‘हर घर तिरंगा’’ अभियान की शुरूआत हो गई है। यह अभियान तीन चरणों में होगा। पहला चरण दो से आठ अगस्त, दूसरा चरण नौ से बारह अगस्त और तीसरा चरण तेरह से पंद्रह अगस्त तक आयोजित किया जाएगा। यह अभियान ‘‘हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छताः स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग‘‘ थीम पर आधारित है। अभियान के दौरान सभी भारतीय नागरिकों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

 

पहले चरण में स्कूलों और सार्वजनिक स्थलों को तिरंगा आर्ट से सजाया जाएगा। इस दौरान रंगोली प्रतियोगिताएं, तिरंगे के स्थानीय इतिहास पर प्रश्नोत्तरी और तिरंगा राखी निर्माण के लिए कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। वहीं, दूसरे चरण में सार्वजनिक स्थानों पर जनसहभागिता से तिरंगा मेला और तिरंगा कंसर्ट का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा तिरंगा रैली, बाईक और साइकिल रैली भी निकाली जाएगी। तीसरे और अंतिम चरण में शासकीय भवनों, शैक्षणिक संस्थानों, होटलों, कार्यालयों, बांधों और पुलों पर तिरंगा फहराया जाएगा तथा रोशनी की जाएगी। इस दौरान स्वच्छता और जल संरक्षण से संबंधित गतिविधियां भी होंगी।