तेल विपणन कंपनियों ने राज्यों में वाणिज्यिक एलपीजी के समान वितरण सुनिश्चित करने के लिए कार्यकारी निदेशक स्तर पर तीन सदस्यीय समिति का गठन किया है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने आज राज्यसभा में एक लिखित उत्तर में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में संघर्ष के कारण देश में आयातित एलपीजी की उपलब्धता प्रभावित हुई है। श्री गोपी ने कहा कि भारत अपनी एलपीजी खपत का लगभग 60 प्रतिशत आयात करता है। इसमें से लगभग 90 प्रतिशत होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर गुजरता है। उन्होंने कहा कि सरकार ने एलपीजी आपूर्ति में स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए कई उपाय किए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने राज्यों को वाणिज्यिक एलपीजी का आवंटन अतिरिक्त 20 प्रतिशत बढ़ाकर कुल आवंटन को संकट-पूर्व स्तर के 70 प्रतिशत तक पहुंचा दिया है।
News On AIR | मार्च 30, 2026 7:26 अपराह्न
तेल कंपनियों ने वाणिज्यिक एलपीजी के समान वितरण हेतु तीन सदस्यीय समिति गठित की