पद्म पुरस्कार 2026 के लिए नामांकन जारी है। नामांकन 31 जुलाई तक राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन प्रस्तुत किए जा सकते हैं। गृह मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि नामांकन अवार्ड डॉट जीओवी डॉट इन पोर्टल पर किए जा सकते हैं।
पद्म पुरस्कार, अर्थात् पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री, देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कारों में से हैं। 1954 में स्थापित, इन पुरस्कारों की घोषणा हर वर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर की जाती है। यह पुरस्कार विभिन्न क्षेत्रों में ‘विशिष्ट कार्य’ को मान्यता देते हुए कला, साहित्य और शिक्षा, खेल, चिकित्सा, सामाजिक कार्य, विज्ञान और इंजीनियरिंग, सार्वजनिक मामले, सिविल सेवा, व्यापार और उद्योग आदि जैसे सभी विषयों में विशिष्ट और असाधारण उपलब्धियों के लिए दिया जाता है।