जुलाई 17, 2025 8:19 अपराह्न

printer

दिल्ली का कोई भी काम अधूरा नहीं रहेगा, हर मांग पूरी होगी: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज घोंडा विधानसभा क्षेत्र में चौपाल का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि दिल्ली का कोई भी काम अधूरा नहीं रहेगा, हर मांग पूरी होगी। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि सांसद और विधायकों द्वारा सुझाए गए सभी कार्य प्राथमिकता से पूरे किए जाएंगे।

 

इस अवसर पर मुख्‍यमंत्री ने कहा कि यह चौपाल न केवल आम नागरिकों से संवाद का माध्यम बनेगी, बल्कि यह शासन और जनता के बीच की दूरी को कम करने की दिशा में एक सशक्त प्रयास है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सिग्नेचर ब्रिज के निकट प्रस्तावित स्काई यू-टर्न निर्माण स्थल का भी निरीक्षण किया।

 

साथ ही उन्होंने यमुना विहार रोड और आसपास के क्षेत्रों में जारी विकास कार्यों का भी जायज़ा लिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित परियोजनाओं को तय समय-सीमा के भीतर और गुणवत्ता के मानकों के अनुसार पूर्ण किया जाए।

 

इस कार्यक्रम में सांसद मनोज तिवारी, दिल्ली के कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा, विधायक अजय महावर सहित बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।