भारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए हैं। नई दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में संगठन पर्व के अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय रिटर्निंग अधिकारी डॉ. के. लक्ष्मण ने उनके नाम की घोषणा की। भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, जे.पी. नड्डा और नितिन गडकरी ने उन्हें बधाई दी।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने श्री नबीन को बधाई देते हुए भाजपा को विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि श्री नबीन पार्टी की विरासत को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि नवनियुक्त भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष उस पीढ़ी से हैं जिसने देश में बड़े आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी परिवर्तन देखे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि श्री नबीन में युवा ऊर्जा है और संगठन के कार्यों का व्यापक अनुभव है जो पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए बहुत उपयोगी होगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश कभी भी घुसपैठियों को अपने नागरिकों और गरीबों के अधिकारों को लूटने की अनुमति नहीं देगा। उन्होंने कहा कि घुसपैठिए देश के लिए सबसे बड़ा खतरा हैं और उन्हें वापस भेज देना चाहिए। प्रधानमंत्री ने कहा कि घुसपैठियों को संरक्षण देने वाली राजनीतिक पार्टियों का पर्दाफाश किया जाना चाहिए।
प्रधानमंत्री ने बताया कि संगठन की सबसे छोटी इकाई से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव तक पूरी प्रक्रिया लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न हुई है। उन्होंने कहा कि पार्टी का नेतृत्व परंपरा से प्रेरित है, अनुभव से समृद्ध है और जनसेवा तथा राष्ट्रसेवा की भावना से संगठन को आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन पर्व का भव्य आयोजन भाजपा के लोकतांत्रिक विश्वास, संगठनात्मक अनुशासन और कार्यकर्ता-केंद्रित दृष्टिकोण का प्रतीक है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भाजपा पर जनता का विश्वास लगातार मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में पार्टी ने जनता का विश्वास जीतने का एक उल्लेखनीय सफर तय किया है। प्रधानमंत्री ने बल देकर कहा कि जनसेवा हमेशा से पार्टी की सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक ऐसी परंपरा है जो पद से नहीं प्रक्रिया से चलती है। श्री मोदी ने कहा कि अध्यक्ष बदलते हैं, लेकिन आदर्श नहीं।
नव निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने इस पद पर पहुंचने का अवसर देने के लिए प्रधानमंत्री मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने पार्टी अध्यक्ष के रूप में चुने जाने के लिए अन्य वरिष्ठ भाजपा नेताओं को भी धन्यवाद दिया। श्री नबीन ने पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्षों को याद करते हुए उपस्थित पूर्व अध्यक्षों का अभिवादन किया। उन्होंने 2006 में पहली बार विधायक बनने से लेकर अब तक के अपने सफर को याद किया। श्री नबीन ने इस दिन को संकल्प का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए देश के 140 करोड़ लोग अथक प्रयास कर रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने श्री नबीन को बधाई देते हुए इसे एक ऐतिहासिक अवसर बताया। श्री नड्डा ने कहा कि श्री नबीन वैचारिक रूप से परिपक्व हैं, क्योंकि उन्होंने बहुत कम उम्र में पांच बार विधायक के रूप में कार्य किया है। उन्होंने कहा कि एक युवा, ऊर्जावान और प्रतिभाशाली व्यक्तित्व ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी संभाली है।
श्री नबीन पार्टी के इतिहास में सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और बिहार से इस पद पर नियुक्त होने वाले पहले भाजपा नेता हैं। वे वर्तमान में पटना जिले के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। लगभग दो दशकों के संगठनात्मक अनुभव के साथ, श्री नबीन ने पार्टी के भीतर कई महत्वपूर्ण भूमिकाएँ निभाई हैं। वह भारतीय जनता युवा मोर्चा के बिहार के अध्यक्ष और छत्तीसगढ़ के लिए भाजपा के चुनाव प्रभारी रह चुके हैं।