नीति आयोग ने आज नई दिल्ली में भारत के खेल उपकरण विनिर्माण क्षेत्र की निर्यात क्षमता को साकार करने पर एक रिपोर्ट जारी की। इसका उद्देश्य भारत को वैश्विक खेल विनिर्माण केंद्र के रूप में स्थापित करना है।
रिपोर्ट में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों-एमएसएमई का लाभ उठाने, अनुसंधान एवं विकास को बढ़ावा देने और निर्यात प्रतिस्पर्धा बढ़ाने के लिए गुणवत्ता मानकों पर ध्यान केंद्रित किया गया है।
इस अवसर पर नीति आयोग के उपाध्यक्ष सुमन बेरी ने देश के औद्योगिक क्षेत्रों, विशेष रूप से एमएसएमई में प्रतिस्पर्धात्मकता और निर्यात उन्मुखीकरण को सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि देश में एक मजबूत और अधिक वैश्विक स्तर पर एकीकृत विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण के लिए नीति निर्माताओं, उद्योग हितधारकों और नवप्रवर्तकों के बीच अधिक सहयोग महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर नीति आयोग की मुख्य कार्यकारी अधिकारी निधि छिब्बर ने कहा कि हालांकि भारत के पास खेल उपकरण विनिर्माण के कुछ क्षेत्रों में मजबूत क्षमताएं हैं, लेकिन अन्य क्षेत्रों में क्षमताओं को और सुदृढ करने की आवश्यकता है।