नीति आयोग ने आज नई दिल्ली में विकसित भारत और नेट ज़ीरो की दिशा में तीन अध्ययन रिपोर्ट जारी कीं। इसमें समग्र रूपरेखा, व्यापक आर्थिक निहितार्थ और वित्तपोषण आवश्यकताओं पर ध्यान केंद्रित किया गया है। मुख्य आर्थिक सलाहकार वी. अनंत नागेश्वरन ने इन रिपोर्टों को विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि ऊर्जा परिवर्तन भारत की दीर्घकालिक विकास रणनीति का एक प्रमुख स्तंभ बना हुआ है। डॉ. नागेश्वरन ने कहा कि ये रिपोर्टें देश के विकास पर भविष्य के विचार-विमर्श के लिए मानदंड होंगी।
नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बी.वी.आर. सुब्रह्मण्यम ने कहा कि भारत में हरित प्रौद्योगिकियों का लाभ उठाकर एक विकसित अर्थव्यवस्था बनने की अपार क्षमता है। भारत की विकास यात्रा को अभूतपूर्व बताते हुए उन्होंने कहा कि देश विकसित आर्थिक स्तर हासिल करने के साथ-साथ 2070 तक ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन को शून्य तक कम करने का प्रयास कर रहा है। श्री सुब्रह्मण्यम ने कहा कि भारत का विकास मॉडल विकासशील देशों के लिए एक मिसाल कायम करेगा।