नई दिल्ली में आज से शुरू हो रहे एआई इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन के कारण यातायात परामर्श जारी किेये गए हैं। इसके अनुसार, भारत मंडपम और सुषमा स्वराज भवन में आयोजित होने वाले शिखर सम्मेलन के कारण लोगों को सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की सलाह दी गई है। लोगों को कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए सुरक्षा कर्मियों के साथ सहयोग करने की भी अपील की गई है।
इस बीच, दिल्ली यातायात पुलिस ने भी कहा है कि शिखर सम्मेलन के दौरान भारत मंडपम के पास कई सड़कों पर प्रतिबंध लागू रहेंगे। इसके अनुसार, सुभाष चंद्र मार्ग टी-पॉइंट से लोधी रोड फ्लाईओवर तक मथुरा रोड, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, राजेश पायलट मार्ग, तीस जनवरी मार्ग, अकबर रोड, तीन मूर्ति मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, जनपथ और फिरोज शाह रोड जैसी सड़कों पर कडे नियम लागू रहेंगे। यातायात पुलिस ने लोगों से इन मार्गों से बचने और वैकल्पिक मार्गों और मेट्रो का उपयोग करने का आग्रह किया है।