मार्च 31, 2026 8:07 अपराह्न

printer

नई दिल्ली: ‘फेस्टिवल ऑफ लेटर्स’ साहित्य और भाषा का जीवंत उत्सव बना

नई दिल्ली के रवींद्र भवन परिसर, फिरोज़शाह मार्ग में आयोजित साहित्योत्‍सव – फेस्टिवल ऑफ लेटर्स, साहित्य, भाषा और अभिव्यक्ति का एक जीवंत उत्सव बनकर उभरा है। छह दिनों तक चलने वाला यह महोत्‍सव साहित्‍य अकादमी द्वारा आयोजित किया जा रहा है।

इस आयोजन का उद्देश्य भारतीय भाषाओं की समृद्ध परंपरा को मंच देना, साहित्यिक संवाद को बढ़ावा देना और नई पीढ़ी को लेखन तथा रचनात्मकता से जोड़ना है। महोत्सव में हिंदी, उर्दू, अंग्रेज़ी, पंजाबी, बंगाली, मराठी और अन्य भारतीय भाषाओं को शामिल किया गया है। कार्यक्रम के तहत काव्य पाठ, साहित्यिक चर्चाएं, पुस्तक विमोचन, नाटक प्रस्तुति, संवाद सत्र और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जो साहित्य और कला के विविध आयामों को प्रस्तुत करते हैं।

महोत्सव में तीसरे दिन की शुरूआत लेखक सम्मेलन से होगी, जिसमें साहित्य अकादमी पुरस्कार 2025 के विजेता अपने रचनात्मक अनुभव पर वक्तव्य देंगे। इसके अलावा दिनभर में विभिन्‍न सत्रों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश के चर्चित कवि, लेखक और कलाकार भाग लेंगे। इनमें प्रख्यात साहित्यकारों के काव्य पाठ, युवा लेखकों के साथ संवाद और कला प्रस्तुतियां शामिल होंगी। साथ ही युवा ताल तरंग संगीत कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा। यह महोत्सव न केवल साहित्य प्रेमियों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच है, बल्कि भारतीय भाषाओं की विविधता और सांस्कृतिक समृद्धि को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने की दिशा में भी एक सार्थक पहल के रूप में देखा जा रहा है।