रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज नई दिल्ली में भारतीय रेलवे के इस वर्ष 52 सप्ताह में 52 सुधार के संकल्प के अंतर्गत पांच सुधारों की घोषणा की। नई दिल्ली में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए श्री वैष्णव ने टिकट रद्द करने और धनवापसी नियमों, रेलगाड़ी में चढ़ने के समय में बदलाव, नमक परिवहन, वाहन परिवहन और निर्माण की गुणवत्ता में सुधारों की घोषणा की। टिकट रद्द करने और धनवापसी नियमों में सुधारों पर श्री वैष्णव ने बताया कि रेलगाड़ी के प्रस्थान से बहत्तर घंटे से अधिक समय पहले रद्द किए गए टिकटों पर प्रति यात्री न्यूनतम एकमुश्त रद्दीकरण शुल्क लागू होगा।
रेल मंत्री ने कहा कि रेलगाड़ी के प्रस्थान से बहत्तर घंटे से कम और 24 घंटे तक रद्द किए गए टिकटों पर किराए का 25 प्रतिशत रद्दीकरण शुल्क के रूप में लिया जाएगा। वहीं, प्रस्थान से 24 घंटे से कम और 8 घंटे तक रद्द किए गए टिकटों पर 50 प्रतिशत धनवापसी दी जाएगी। श्री वैष्णव ने कहा कि निर्धारित प्रस्थान से 8 घंटे से कम समय पहले टिकट रद्द करने पर कोई धनवापसी नहीं दी जाएगी। रेल मंत्री ने बताया कि अब देशभर में किसी भी रेलवे काउंटर पर टिकट रद्द किए जा सकते हैं।
रेलगाड़ी में चढ़ने के नियमों में किए गए सुधारों पर श्री वैष्णव ने बताया कि अब ट्रेन के प्रस्थान से 30 मिनट पहले तक बोर्डिंग पॉइंट बदला जा सकता है। उन्होंने कहा कि पहले बोर्डिंग पॉइंट केवल ट्रेन का चार्ट तैयार होने से पहले ही बदला जा सकता था।