अक्टूबर 14, 2025 7:06 पूर्वाह्न

printer

चालू वित्त वर्ष में शुद्ध प्रत्यक्ष कर संग्रह में 6.33% बढ़कर 11.89 लाख करोड़ रुपये हुआ

चालू वित्त वर्ष में शुद्ध प्रत्यक्ष कर संग्रह में 6.33 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और यह बढ़कर 11.89 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। आयकर विभाग ने बताया है कि इस वर्ष पहली अप्रैल से 12 अक्टूबर तक शुद्ध कॉर्पोरेट कर संग्रह लगभग 5.02 लाख करोड़ रुपये रहा जो पिछले वर्ष इसी अवधि में 4.92 लाख करोड़ रुपये था। गैर-कॉर्पोरेट में लगभग 6.56 लाख करोड़ रुपये का कर संग्रह हुआ जो पिछले वर्ष इसी अवधि में 5.94 लाख करोड़ रुपये से अधिक था। आयकर विभाग के अनुसार प्रतिभूति लेनदेन कर संग्रह 30 हजार 878 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वर्ष में 30 हजार 630 करोड़ रुपये था। रिफंड समायोजित करने से पहले सकल प्रत्यक्ष कर संग्रह 13.92 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा। इसमें पिछले वर्ष की तुलना में 2.36 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। हालांकि, रिफंड जारी करने में 16 प्रतिशत की कमी आई है और यह 2.03 लाख करोड़ रुपये हो गया है।